ऐप पर पढ़ें

संजय मेहता के प्रयास से वतन वापस आ रहा मोहम्मद अहसान का शव, सऊदी अरब में हो गया था इंतेक़ाल

चतरा जिले के मोहम्मद अहसान की मौत हृदय गति रुकने से सऊदी अरब में हो गयी थी। वे वहाँ सऊदी अरब.....
WhatsApp Group Join Now

संजय मेहता के प्रयास से वतन वापस आ रहा मोहम्मद अहसान का शव, सऊदी अरब में हो गया था इंतेक़ाल

विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास को पत्र लिख कराया था अवगत

झारखंड : चतरा जिले के मोहम्मद अहसान की मौत हृदय गति रुकने से सऊदी अरब में हो गयी थी। वे वहाँ सऊदी अरब के जेद्दा में काम करते थे।

मोहम्मद अहसान चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड मंझगाँवा अंतर्गत बारिसाखी पंचायत के घटेरी गाँव के निवासी थे। मोहम्मद अहसान के मौत की सूचना के बाद परिजन परेशान थे। वे किसी तरह शव को भारत लाना चाहते थे।

20 जुलाई को संजय मेहता को मिली सूचना

20 जुलाई को मोहम्मद अहसान के भतीजे मोहम्मद असजाद ने बरही विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय मेहता को इस घटना की सूचना दी। तत्काल इस घटना को लेकर संजय मेहता ने प्रयास शुरू कर दिया। उन्होंने सऊदी अरब में अपने परिचितों से संपर्क स्थापित कर भी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्रालय के मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा।

पत्र की प्रति उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास को भी भेजा। इसके बाद परिजनों से मोहम्मद अहसान के मालिक का नम्बर लेकर संजय मेहता ने उनके मालिक हिशाम से संपर्क किया। उन्होंने वक्त माँगा।

कैसे आ रहा शव, क्या - क्या हुई परेशानी

मोहम्मद अहसान के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में काफी परेशानियां हुई। संजय मेहता ने सभी विवरण एवं पासपोर्ट डिटेल्स को मंत्रालय को उपलब्ध कराया। हालांकि सऊदी अरब में मोहम्मद अहसान जहाँ रह रहे थे वहाँ की स्थानीय कागजी प्रक्रिया की जरूरत थी। जिसमें उनके मालिक द्वारा कुछ देरी हुई। बाद में थोड़ा देरी से वह प्रक्रिया पूर्ण हुई।

02 अगस्त को कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया, जेद्दा से आया जवाब

दिनांक 02 अगस्त को कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया, जेद्दा से संजय मेहता को पत्र का लिखित जवाब आया। जिसमें जेद्दा में भारत के कॉन्सुल नमो नारायण मीना ने लिखा कि शव को भारत भेजने की लगभग सभी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है ओर कुछ छोटी - मोटी औपचारिकता को पूर्ण किया जाना बाकी है। संजय मेहता ने यह सूचना परिजनों को दी। इस सूचना के बाद परिजनों ने सुकून की साँस ली।

06 अगस्त को शाम सात बजे कोलकाता पहुँचेगा शव

मोहम्मद अहसान के शव को अल वजेल कार्गो के माध्यम से फ्लाइट संख्या ई के 804 से 05 अगस्त को सबसे पहले जेद्दा से दुबई भेजा गया।

उसके बाद 06 अगस्त को दुबई से कोलकाता के लिए फ्लाइट संख्या ई के 572 से कोलकाता एयरपोर्ट भेजा जा रहा है। 06 अगस्त को शाम 07 बजकर 18 मिनट पर फ्लाइट कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करेगा।

एयरपोर्ट पर कुछ औपचारिकता के बाद शव को 07 अगस्त को सुबह परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

झारखंड सरकार का एम्बुलेंस शव लाने जाएगा कोलकाता

शव के पहुँचने की सूचना संजय मेहता ने श्रम विभाग राँची को दी। इसके बाद श्रम अधीक्षक चतरा के पत्रांक 459 दिनांक 05 अगस्त 2023 के माध्यम से असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी चतरा को सूचना दी गयी। इसके बाद 104 एम्बुलेंस सेवा के तहत चालक अरबिंद कुमार पांडेय को परिजनों के साथ कोलकाता से शव चतरा लाने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया।

क्या कहते हैं संजय मेहता

संजय मेहता ने बताया कि लॉकडाउन के समय से एक हेल्पलाइन की शुरुआत की थी। उस दौरान 192 लोगों को फ्लाइट से झारखंड लाया था जो देश के अलग - अलग कोने में फँसे थे। उसके बाद से लगातार प्रवासी मजदूरों, छात्रों की समस्या पहुँचती रहती है। बीच के दिनों में मणिपुर से भी छात्रों को झारखंड लाने में सफलता मिली। मोहम्मद अहसान के इंतेक़ाल की सूचना परिजनों से मिली थी। जिसके बाद हमारी टीम ने प्रयास शुरू किया। उन्होंने बताया कि मानवता की सेवा सबसे बड़ी सेवा है। सामूहिक प्रयासों से ऐसे मामलों को जल्द सुलझाया जा सकता है। पलायन झारखंड की बड़ी समस्या है। सरकार को भी मजदूरों के पलायन पर विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के लिए हमेशा हम सब तैयार हैं।


हमारे Whats App न्यूज ग्रुप से जुड़ें, आप हमें Facebook, Twitter, और Instagram पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं।

Post a Comment