जयराम महतो, संजय मेहता, भुनेश्वर यादव करेंगे सभा को संबोधित
हजारीबाग (चौपारण) : 08 अक्टूबर को सुबह दस बजे से चौपारण प्रखंड मैदान में बदलाव संकल्प सभा का आयोजन होगा। सभा में झारखंडी हक अधिकारों की आवाज बुलंद होगी।
इस सभा के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा की झारखंड के सौ प्रतिशत सीटों पर झारखंडी माटी के बेटा - बेटी को सांसद - विधायक बनाना होगा तभी झारखंड की माटी बच पाएगी।
संकल्प सभा को जयराम महतो, संजय मेहता, भुनेश्वर यादव संबोधित करेंगे। राज्य स्तर से मोतीलाल महतो, देवेंद्र महतो, राजदेश रतन का भी आगमन सभा में होगा।
सभा में मुख्य तौर पर बरही विधानसभा क्षेत्र के लोग सम्मिलित होंगे। इस सभा में लगभग 50 हज़ार लोग सम्मिलित होंगे।
सभा के सफल आयोजन को लेकर चौपारण के बसरिया, चतरा मोड़, इटखोरी, मयूरहंड, वृंदावन, सरैया, पदमा आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों ने सर्वसम्मति से भारी संख्या में सभा में शामिल होने पर सहमति जताई।
मुख्य मुद्दे
सभा में झारखंड की स्थानीय नीति, नियोजन नीति, पुनर्वास नीति, निजी क्षेत्रों में स्थानीय को रोजगार में प्राथमिकता आदि मुद्दों पर भी वक्ता अपनी राय रखेंगे।झारखंड के लिए सबको जागना होगा : जयराम महतो
जयराम महतो ने 08 अक्टूबर के सभा में भारी संख्या में आम जनों से चौपारण में जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि आज यदि हम सब नहीं जागे तो झारखंड लूट जाएगा। आज अगर इस आंदोलन को मुकाम तक नहीं ले जाय गया तो झारखंड की स्थानीय, नियोजन, पुनर्वास नीति कभी बन नहीं पाएगी। इस आंदोलन ने जागृति पैदा की है। हर एक झारखंडी को उठ खड़ा होना होगा।यह इंकलाब की आवाज है, सबका साथ अपेक्षित है : संजय मेहता
संजय मेहता ने कहा कि यह आंदोलन इंकलाब की आवाज है। इंकलाब की इस आवाज को रुकने नहीं देना है। झारखंड और झारखंडी भावनाओं की आवाज सबको मिलकर बुलंद करनी होगी। झारखंड की नौकरी, जमीन, नेतृत्व का अवसर सब लूट गया है। पिछले दो दशक में हमारी माटी चारागाह बन गयी है। ऐसे में हम सबको जागना होगा। चौपारण सभा में ऐतिहासिक भीड़ होगी। सबको मिलकर इसे सफल बनाना होगा।
बरही की माटी को बचाना होगा : भुनेश्वर यादव
चौपारण सभा को सफल बनाने को लेकर भुनेश्वर यादव ने भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड को झारखंड विरोधी ताकतों से बचाने की जरूरत है। बरही की माटी को भी अब माटी का नेतृत्व चाहिए। बरही से भी झारखंडी अधिकारों की आवाज को बुलंद करने की जरूरत है। चौपारण समेत बरही विधानसभा क्षेत्र की जनता ने सभा को सफल बनाने को लेकर कमर कस लिया है। यह आवाज झारखंड के हर कोने तक पहुँच गयी है।