हजारीबाग (झारखंड): गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस को नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली सहदेव सोरेन समेत तीन उग्रवादी मारे गए। सहदेव पर ₹1 करोड़ का इनाम घोषित था और वह कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था। इस संयुक्त अभियान को कोबरा बटालियन, गिरिडीह पुलिस और हजारीबाग पुलिस की टीम ने अंजाम दिया।
इसे भी पढ़ें: चौपारण में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 2,500 किलो जावा महुआ नष्ट
मुठभेड़ के बाद चले तलाशी अभियान में तीनों शव बरामद किए गए। पुलिस ने पुष्टि की है कि शेष दो शवों की पहचान भी नक्सलियों के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सहदेव सोरेन लंबे समय से झारखंड और बिहार में नक्सली गतिविधियों को संचालित कर रहा था। उसकी मौत को सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी सफलता बताया है। फिलहाल, इलाके में तलाशी अभियान जारी है, क्योंकि आशंका है कि मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सली घायल अवस्था में फरार हो गए हैं। हजारीबाग के गोरहर थाना क्षेत्र में पुलिस-सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ हुई। इसमें 1 करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन, 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेंब्रम और 10 लाख का इनामी बिरसेन गंझू मारे गए। तीन AK-47 बरामद किया गया है।