
नेतरहाट घूमने गए कपल की कार गहरी खाई में गिरी, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर...4 महीने पहले हुई थी शादी
रांची: नेतरहाट घूमने आए रांची के एक नवविवाहित जोड़े के साथ भीषण हादसा हो गया. दंपती की कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। अमरेंद्र कुमार और डॉली रानी रांची के रहने वाले हैं। दंपती कार से नेतरहाट घूमने आया था। दोनों शुक्रवार (12 मई) शाम को रांची लौट रहे थे. इसी क्रम में उनका वाहन नेतरहाट की घाटी में गहरी खाई में गिर गया।
हादसा इतना भीषण था कि पति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी डॉली रानी गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में घायल अवस्था में डॉली रानी किसी तरह घाटी से निकलकर सड़क पर आ गई और लोगों से मदद की गुहार लगाई। इस घटना की जानकारी जब सड़क से गुजर रहे लोगों को हुई तो इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. यह इलाका गुमला जिले के गुरदारी थाने के अंतर्गत आता है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस बल ने घायल डॉली रानी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को घाटी से बाहर निकाला। पुलिस ने इसके लिए करीब तीन घंटे तक प्रयास किया, तब जाकर शव को घाटी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को घाटी से निकलवाने के बाद अस्पताल भिजवा दिया है।